घोषणाओं का बजट, धरातल पर सन्नाटा : विशु अजमानी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कांग्रेस प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के सचिव विशु अजमानी ने साय सरकार के हालिया बजट को जनअपेक्षाओं से कटा हुआ बताते हुए कहा है कि बजट भाषण में बड़े आंकड़े और घोषणाएं तो गिनाई गईं, लेकिन जमीनी स्तर पर बदलाव लाने वाली कोई स्पष्ट और समयबद्ध योजना नजर नहीं आई।
उन्होंने कहा कि लगभग पौने दो घंटे के बजट भाषण में शिक्षा, स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई और बुनियादी सुविधाओं जैसे मूल मुद्दों पर ठोस कार्ययोजना का अभाव दि2खाई देता है। युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कोई ठोस विजन सामने नहीं आया।
अजमानी ने कहा कि प्रदेश में खेती का रकबा और उत्पादन बढ़ने के बावजूद धान खरीदी में कमी आई है, जिससे अन्नदाता वर्ग में निराशा का माहौल है। किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए भी बजट में स्पष्ट प्रावधान नजर नहीं आते।
उन्होंने कहा कि रोजगार के नाम पर घोषणाएं तो की गईं, लेकिन लाखों युवा आज भी नौकरी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने और अस्पतालों में सुविधाएं मजबूत करने जैसे अहम विषयों पर भी स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत नहीं किया गया।
विशु अजमानी ने आरोप लगाया कि महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय सरकार ने प्रचार-प्रसार पर अधिक ध्यान दिया है। मजदूर वर्ग, महिलाएं और मध्यम वर्ग अपेक्षित राहत से वंचित रहे हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि जनता अब केवल कागजी घोषणाओं से संतुष्ट नहीं होगी, बल्कि प्रदेश को धरातल पर ठोस परिणाम चाहिए। कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए सरकार से पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करती रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!