राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने आज चिखली क्षेत्र का दौरा किया और निगम के तकनीकी एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ पैदल भ्रमण कर वहां की साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सर्व समाज मांगलिक भवन और रमन बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। महापौर ने दोनों स्थलों पर आवश्यक मरम्मत और संधारण कार्यों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।
चिखली के ओवर ब्रिज के पास स्थित रानी अवंती बाई प्रतिमा स्थल का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने यहां प्रतिमा और उसके आसपास के क्षेत्र में सुधार और सफाई की आवश्यकता जताई और अधिकारियों को पेडेस्टल मरम्मत, पेवर ब्लॉक लगाने, दीवारों का रंग-रोगन करने तथा प्रतिमा में पेंट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, महापौर ने यह भी कहा कि इस स्थल पर पौधरोपण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
चिखली स्थित सर्व समाज मांगलिक भवन की भी स्थिति का निरीक्षण किया गया। महापौर श्री यादव ने भवन की मरम्मत का आदेश दिया, क्योंकि यह पुराना हो चुका है और इसमें विभिन्न आयोजनों का आयोजन होता रहता है। उन्होंने अधिकारियों से भवन की मरम्मत, रंग-रोगन, शौचालयों की मरम्मत और आस-पास पौधरोपण करने की बात कही।
रमन बाजार क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए महापौर ने बाजार के आस-पास अतिक्रमण हटाकर साफ-सफाई रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, उन्होंने डबरी तलाब में टो वाल निर्माण और सड़क मरम्मत की योजना पर भी चर्चा की ताकि क्षेत्र को व्यवस्थित किया जा सके।
महापौर के साथ इस निरीक्षण में निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, जल विभाग के प्रभारी सदस्य सुनील साहू, लोककर्म विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा और वार्ड पार्षद श्रीमती श्रुति लोकेश जैन भी उपस्थित थे।
महापौर श्री यादव ने सफाई कर्मचारी से कहा कि कचरा नालियों से तुरंत उठाना सुनिश्चित करें और लोगों को घरों में कचरा अलग-अलग करके देना समझाएं ताकि आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छे परिणाम मिल सकें।

