छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी ने दी अहम जिम्मेदारी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा को भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस सिलसिले में वे रविवार को बंगाल पहुंचे। पार्टी ने उन्हें पुरूलिया लोकसभा अंतर्गत मानबाजार विधानसभा की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास को लेकर श्री शर्मा ने आभार जताया है।

श्री शर्मा का यह दायित्व न केवल संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि अन्य राज्यों में पार्टी की रणनीतिक भूमिका में उनकी सक्रिय भागीदारी को भी दर्शाता है। वे लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और उनकी कार्यशैली को पार्टी नेतृत्व ने कई बार सराहा है। श्री शर्मा ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ इस जिम्मेदारी को निभाएंगे और पार्टी के विजय संकल्प को साकार करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। ज्ञात हो कि श्री शर्मा इसके पूर्व बिहार, असम, उत्तराखण्ड,हिमाचल प्रदेश,गुजरात,मध्य प्रदेश, उत्तरप्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में विधानसभा चुनाव में संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं, जहां उनकी सक्रियता से पार्टी के प्रत्याशियों ने विजयश्री प्राप्त की थी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :