राजनांदगांव। अजीत जोगी युवा मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शमसूल आलम ने आज अपने समर्थकों के साथ जांजगीर चांपा के कलेक्टर को जिले और ग्राम की मूलभूत समस्याओं का समाधान करने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जोगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
ज्ञापन में शमसूल आलम ने विशेष रूप से अकलतरा के ग्राम जर्वे में डैम निर्माण के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि “पूर्ववर्ती सरकार में डैम के नाम पर पैसे पास हो चुके थे, लेकिन आज तक इसका काम शुरू नहीं किया गया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है, क्योंकि इसे कृषि कार्यों में सहायक बनाया गया था। लेकिन सरकार की नीयत इससे बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है, जो कि प्रशासन की मानसिकता को दर्शाता है।”
शमसूल आलम ने इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ डॉक्टरों के खिलाफ भी शिकायत की, आरोप लगाते हुए कहा कि शासकीय अस्पतालों में डॉक्टरों की उपस्थिति कम और निजी क्लीनिकों में ज्यादा देखी जाती है, जिससे अस्पतालों की व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की बिगड़ती स्थिति की भी जानकारी दी।
ज्ञापन में आबकारी विभाग के सुपरवाइजर और लोकेशन ऑफिसर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई, क्योंकि इनकी लापरवाही से शराब के ओवर रेटिंग और कोचियागिरी में इजाफा हुआ है। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत अयोग्य लोगों को पैसे मिलने और अवैध परिवहन व खनन के मामलों पर रोक लगाने की भी अपील की गई।
शमसूल आलम ने प्रशासन को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया और कहा कि यदि इन मुद्दों पर कार्यवाही नहीं होती, तो जोगी कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी। ज्ञापन सौंपने के बाद अपार कलेक्टर ने जल्द कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर शमसूल आलम के साथ जोगी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलकांत यादव, धर्मेंद्र कुर्रे, युवा मोर्चा विधानसभा अध्यक्ष अंकू पांडे, किशोर दास, नवाज कुरैशी, शेर अली, लाला केवर्त, ननकी गुड्डू, रोहन केवर्त, सतीश दास, गुरु महाराज समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामवासी उपस्थित रहे।

