राजनांदगांव। जिले में धान खरीदी अभियान के सुचारू संचालन से किसानों में हर्ष का माहौल है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत शासन द्वारा चलाए जा रहे धान खरीदी महाभियान के तहत समर्थन मूल्य एवं कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है। इसके साथ ही प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल तक धान उपार्जन किया जा रहा है।
कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशन में जिले में धान खरीदी की बेहतर व्यवस्था की गई है। सभी धान उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, पेयजल, छांव, बायोमैट्रिक डिवाइस, श्रमिकों की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसानों के धान की गुणवत्ता जांच के लिए आर्द्रता मापी यंत्र से परीक्षण किया जा रहा है।
जिले के सभी 96 धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी की दर, सूची एवं आवश्यक जानकारी फ्लैक्स के माध्यम से प्रदर्शित की गई है। कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी रखने तथा कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान खरीदी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
धान बिक्री के लिए किसान टोकन तुंहर हाथ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे समय की बचत हो रही है और उन्हें सुविधा मिल रही है।
उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में 1 लाख 16 हजार 456 पंजीकृत किसानों से 1378 करोड़ 83 लाख 24 हजार रुपये मूल्य का 58 लाख 08 हजार 033.20 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। वहीं धान का उठाव भी लगातार जारी है। अब तक धान उपार्जन केंद्रों से 17 लाख 68 हजार 631.80 क्विंटल धान का उठाव किया जा चुका है।

