धान विक्रय से बुजुर्ग किसान रघुनाथ सिंह के बेटे की शादी होगी आसान

अपने दोस्तों को शेयर करें :

मोहला। खरीफ 2025-26 के लिए जिले में धान खरीदी महाअभियान 15 नवंबर से चल रहा है। उपार्जन केंद्रों पर किसानों में धान विक्रय को लेकर उत्साह साफ देखा जा रहा है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था लागू किए जाने को किसानों ने सराहा है।

विकासखंड मोहला के ग्राम सांगली निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान श्री रघुनाथ सिंह ने इस साल ऑनलाइन टोकन सुविधा का लाभ उठाकर 60 क्विंटल धान बेचने की प्रक्रिया पूरी की। रघुनाथ सिंह ने बताया कि डिजिटल टोकन प्रणाली से भीड़ और लंबी लाइन में लगने की परेशानी नहीं हुई। निर्धारित समय पर पहुंचते ही धान की तौल और खरीदी प्रक्रिया सहजता से पूरी हो गई।

धनराशि मिलने के बाद रघुनाथ सिंह के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त राशि का उपयोग वे बेटे की शादी और घर की मरम्मत में करेंगे। उन्होंने कहा, “मेरा बेटा अब दांपत्य जीवन में प्रवेश करेगा, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।”

उन्होंने ऑनलाइन टोकन और सुव्यवस्थित धान खरीदी व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि इस वर्ष का उपार्जन पूरी तरह किसान हितैषी, पारदर्शी और आसान है। रघुनाथ सिंह ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि किसानों के लिए उठाया गया यह कदम उनके समय और श्रम की बचत के साथ सही मूल्य सुनिश्चित करता है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!