राजनांदगांव। चार दिवसीय आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा का आज उगते सूर्य को अर्ध्य अर्पित करने के साथ ही समापन हुआ। शहर के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालु अशोक चौधरी सहित कई भक्त पूजा सामग्री की गठरी (दौउरा) लेकर घाटों की ओर जाते नजर आए।
छठ पूजा में महिलाओं ने 36 घंटे का निर्जला उपवास रखकर सूर्य देव और छठी मइया की पूजा-अर्चना की। पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्ध्य देने के बाद आज प्रातः उगते सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की।
इस अवसर पर नवयुवक छठ पूजा समिति द्वारा घाटों पर विशेष सजावट और सुंदर प्रकाश व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा एवं साफ-सफाई की भी बेहतरीन व्यवस्था देखने को मिली। इस वर्ष छठ व्रतियों और उनके परिजनों में विशेष उल्लास और उमंग का माहौल रहा।
पूरे आयोजन के दौरान वातावरण में भक्ति, संगीत और आस्था की मधुर गूंज सुनाई देती रही, जिससे पूरा राजनांदगांव शहर छठमय हो उठा।

