विष्णुभोग से निजी स्कूलों का हौसला बुलंद, NSUI ने जताई कड़ी आपत्ति

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। निजी स्कूलों की अनियमितताओं को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने युवा नेता ऋषि शास्त्री के नेतृत्व में बीईओ कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और तत्काल कार्रवाई की मांग की। NSUI प्रदेश महासचिव राजा यादव, शुभम प्रजापति, अभिमन्यु मिश्रा, राहुल साहू, मिथलेश चंदेल सहित अन्य छात्र नेता इस मौके पर मौजूद रहे।

आत्मानंद स्कूल में किताबें नहीं, शिक्षक की कमी बनी समस्या
एनएसयूआई नेताओं ने बताया कि शासकीय आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पाठ्यपुस्तक निगम की लापरवाही के कारण तिमाही परीक्षा तक बीत जाने के बाद भी विद्यार्थियों को किताबें उपलब्ध नहीं हो पाई हैं। साथ ही शिक्षकों की भारी कमी भी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई उत्कृष्ट शिक्षा प्रणाली को भाजपा सरकार धीरे-धीरे समाप्त करने की साजिश कर रही है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

बिना मान्यता चल रहा है चैतन्य स्कूल
छात्र नेताओं ने बताया कि चैतन्य स्कूल बिना मान्यता के संचालित हो रहा है और पालकों को जानकारी दिए बिना फीस के नाम पर लाखों रुपये वसूले जा रहे हैं। एनएसयूआई ने इसे छात्रों और अभिभावकों के साथ छल बताया।

नीरज स्कूल में मारपीट की घटना, अंतिम नोटिस जारी
छात्र प्रतिनिधियों ने बीईओ से नीरज स्कूल में हुई मारपीट की घटना पर जानकारी मांगी। बीईओ द्वारा बताया गया कि इस संबंध में स्कूल को अंतिम चेतावनी जारी की जा चुकी है।

शिक्षा के अधिकार के तहत शुल्क नहीं वसूलने की मांग
एनएसयूआई ने यह भी कहा कि निजी स्कूल शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत आने वाले बच्चों से परीक्षा शुल्क नहीं ले सकते, लेकिन शिकायत के बावजूद कुछ स्कूल यह नियम तोड़ रहे हैं। विभाग से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

बीईओ ने तीन दिन में जांच का दिया भरोसा
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अभिमन्यु मिश्रा ने बताया कि बीईओ ने सभी मामलों में जांच समिति गठित कर तीन दिन के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एनएसयूआई ने दो टूक कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाई जाए और विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा की जाए।

अपने दोस्तों को शेयर करें :