मनगटा वन चेतना क्षेत्र स्थित रिसॉर्ट का आकस्मिक निरीक्षण, नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। रिसॉर्ट्स में अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पुलिस ने आकस्मिक निरीक्षण कर नियम तोड़ने वाले संचालकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन एवं नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक की उपस्थिति में 24 अगस्त को वन चेतना केन्द्र मनगटा के आसपास स्थित सभी रिसॉर्ट्स का निरीक्षण किया गया।
गौरतलब है कि 3 जून को सीएसपी कार्यालय में हुई बैठक में साफ निर्देश दिए गए थे कि रिसॉर्ट में बाहर से डीजे नहीं बजाया जाएगा, नशे का सेवन प्रतिबंधित रहेगा, सभी रिसॉर्ट्स में सीसीटीवी कैमरा और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था अनिवार्य होगी। साथ ही, रिसॉर्ट में आने.जाने वालों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करना और नाबालिगों को बिना अभिभावक के कमरा उपलब्ध नहीं कराना आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान इन निर्देशों का पालन नहीं करने वाले रिसॉर्ट संचालकों व प्रबंधकों पर धारा 126, 135 (3) बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि अनुशासनहीनता और अवैधानिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!